I wish I were in his place

काश, मैं उसकी जगह होता।

“काश, मैं उसकी जगह होता।”

दो ज़िंदगियाँ, दो सच्चाइयाँ – एक ही सवाल।

यह एक ऐसी सोच है जो इंसान के जीवन में कभी न कभी आती ही है। किसी की नई बड़ी कार, किसी की सरकारी नौकरी, किसी का नया फ़ोन, किसी की मौज से भरी ज़िन्दगी। हम दूसरों की ऐसी ज़िंदगी देखते हैं, और कुछ पल के लिए सोचते हैं कि “अगर मैं उनकी जगह होता, तो कितना अच्छा होता।”

क्या आपने इस चीज़ को गहराई से समझने की कोशिश की है? क्या आपने सोचा है कि अगर कोई आपकी जगह होता, तो क्या होता? यह एक कल्पना नहीं, बल्कि एक शीशा है जो हमें खुद से मिलवाता है।

“काश मेरे पास भी वैसी कार होती…”

यह सोच सिर्फ जलन या इच्छा नहीं है। यह एक तरह से खुद का आंकलन है। जब आप सोचते हैं कि आप किसी और की जगह होते, तो आप असल में अपनी ज़िंदगी को एक नए नज़रिए से देख रहे होते हैं। आप अपनी कमियों, अपनी ताकत, अपनी ज़िम्मेदारियों और अपनी आज़ादी को आंक रहे होते हैं।

यह सोच आती कहाँ से है?

जैसे हर एक सोच के पीछे कोई कारण होता है, ठीक इसी तरह इस सोच के पीछे भी कुछ कारण हो सकते हैं:
  1. थकान: दिनभर की भागदौड़ और चुनौतियों से थककर हमें लगता है कि दूसरों की ज़िंदगी आसान है। हमें लगता है कि उनके पास सब कुछ है, और उनका जीवन हमारे मुकाबले बहुत आसान है।
दूसरों की ज़िंदगी परफेक्ट लगती है… पर है?
  1. असंतुष्टि: हमें हमेशा लगता रहता है कि हममें कोई कमी है। कोई हमसे ज़्यादा सुंदर, काबिल या कामयाब है। इस कमी को पूरा करने के लिए हमें लगता है कि अगर हम भी बिलकुल उसके जैसे हो जाएँ, तब हमारी ज़िंदगी भी आसान हो जाएगी।
  2. डर और अनिश्चितता: हम सबको नए फैसले लेने, कोई नया रिस्क उठाने से डर लगता है। ऐसी स्थिति में किसी ऐसे इंसान की जगह होना सुकून देता है, जो इन सब चीज़ों से परे लगता है, जिसके पास सब कुछ पहले से ही हो।
  3. हकीकत से भागना: सबसे बड़ी सच्चाई यही है कि लोग अपनी समस्याओं, उदासी या तकलीफों से भागकर ऐसी जगह जाना चाहते हैं जहाँ उन्हें जीवन में थोड़ा आराम मिल सके।

कहानी: “दो पल की अदला-बदली”

अमन की नींद… और सपने की शुरुआत।

अमन एक फोटोग्राफर था। उसका अपना एक छोटा सा स्टूडियो था। उसका काम ठीक-ठक चल रहा था, पर उसके दिमाग में एक ही बात की धुन सवार थी “कामयाब होने की।” उसका एक पुराना दोस्त रमन एक बड़ी कंपनी में बड़ी पोस्ट पर था। अमन को रमन की ज़िंदगी एकदम परफेक्ट लगती थी जैसे उसकी बड़ी कार, महँगे कपडे, विदेश यात्राएँ, और जो भी वो करता लोग उसको पसंद करते थे।एक रात, अमन दिनभर की थकान की वजह से अपने स्टूडियो में ही सोने के लिए लेटा हुआ था। तभी उसकी नजर अपने कंप्यूटर की स्क्रीन पर पड़ी, जहाँ रमन की बिज़नेस ट्रिप की फोटो खुली हुई थी। दिल ही दिल में उसने कहा, कि “काश मैं रमन की जगह होता। सब कुछ कितना आसान होता।”यही सोचते-सोचते वह गहरी नींद में सो गया।अचानक उसे एहसास हुआ कि वह एक बड़ी सी, शीशे से बनी ऑफिस की इमारत के सामने खड़ा है। उसने खुद को देखा, उसने रमन जैसे कपडे पहने हुए थे और हाथ में चमड़े का एक बैग था। यह देखकर वह बहुत खुश हुआ, क्यूंकि उसका रमन जैसा दिखने का सपना पूरा हो गया था।वह शीशे वाली ईमारत के अंदर गया। लिफ्ट लेकर अपने ऑफिस की तरफ जाने लगा। रमन की सेक्रेटरी ने उसे “गुड मॉर्निंग” बोला और कहा, “सर, आपकी मीटिंग 10 मिनट में शुरू हो रही है। आप उनसे बात करने लिए तैयार हो? यह मीटिंग एक दूसरी बड़ी कंपनी के बॉस के साथ है और बहुत जरूरी है।”अमन का दिल जोर से धड़का। कंपनी के बॉस के साथ मीटिंग? किस मीटिंग की बात हो रही है? उसे तो कुछ पता ही नहीं था। जल्दी से उसने अपना बैग खोला। अपना लैपटॉप खोला और फाइल देखने लगा। फाइल खोलते ही देखा कि उसमें 50 पेज का एक प्लान था, जिसमें बहुत सारे ग्राफ़्स, डेटा और प्रोजेक्शन थे जो उसे समझ में ही नहीं आए।यह देख उसके माथे पर पसीना आ गया। वह मीटिंग रूम में गया। वहाँ 10 लोग बैठे थे, उनकी नज़रें उसपर टिकी हुई थीं। उनमें से एक ने कहा, “रमन जी, आपकी प्रेजेंटेशन शुरू कीजिए। आपके पास 30 मिनट का समय है।”अमन ने अपने लैपटॉप को कनेक्ट किया। उसके हाथ काँपने लग गये थे। उसने डाटा को पढ़ना शुरू किया और उसकी आवाज़ बोलते हुए थरथरा रही थी। अभी कुछ ही समय बीता था एक सीनियर ने एक सवाल पूछा, “रमन, यह जो ग्राफ दिखा रहे हो, इस साल और पिछले साल के डाटा से मैच नहीं हो रहा।”
“रमन जी, प्रेजेंटेशन शुरू कीजिए…”

यह सुन अमन तो जैसे जम सा गया। उसके पास कोई जवाब नहीं था। वह घबराकर हाथ मलने लगा, तो उसे महसूस हुआ उसके हाथ में लैपटॉप नहीं था। रमन तो गिटार बजाता था, अमन को तो सिर्फ डिज़ाइन सॉफ्टवेयर चलाना आता था। वह वहाँ कैसे पहुँच गया?इसके बाद वह उठा और बोला, “मुझे माफ़ कीजिए, मैं तैयार नहीं हूँ।” वह शर्मिंदा होकर मीटिंग रूम से बाहर भाग गया। लिफ्ट से नीचे आया और सीधा बिल्डिंग से बाहर निकल गया।
परफेक्ट लाइफ? या भयानक सपना?

सड़क पर खड़ा होकर वह सोचने लगा कि “यह क्या हो गया? मैं तो रमन की परफेक्ट लाइफ जीना चाहता था। पर यह तो एक भयानक सपना निकला।”यह सोचकर उसकी आँख खुल गई। वह अभी भी अपनी स्टूडियो की कुर्सी पर ही लेटा हुआ था। सुबह की धूप उसके चेहरे पर पड़ रही थी। उसने एक गहरी साँस ली। कंप्यूटर स्क्रीन पर रमन की फोटो अब भी खुली थी, पर अब उसे उसमें कोई खास आकर्षण नहीं महसूस हुआ।
“रमन, कब फ्री है? मिलना था…”

उसने अपना फ़ोन उठाया और अपने दोस्त रमन को एक मैसेज भेजा, “रमन, कब फ्री होगा मिलना था? तुम्हारी ज़िंदगी के बारे में कुछ पूछना है।”अमन को अब समझ आ गया था कि हर किसी की लाइफ आसान नहीं है, सब चुनौतियों से लड़ रहे हैं। किसी की जगह होना मतलब सिर्फ उसकी खुशियाँ नहीं, बल्कि उसकी ज़िम्मेदारियाँ, उसकी चुनौतियाँ, उसका डर और उसका सारा सामान भी लेना होता है।

अमन की कहानी से सीख

हर सफलता के पीछे संघर्ष छुपा है।
अमन का यह अनोखा सपना हमें क्या सिखाता है?
  1. हर सफलता के पीछे एक संघर्ष छुपा होता है: बिना संघर्ष सफलता नहीं मिलती। लोग सिर्फ दूसरों की सफलता उनकी कामयाबी को देखते हैं। उनके संघर्ष, बिना नींद की रातें, असफलताएँ और कुर्बानियाँ नहीं देखते। रमन की नौकरी को लेकर अमन जो डर था, वही उसकी असली सच्चाई थी।
  2. आपके पास भी कुछ खास है: भगवान ने सबको कुछ न कुछ खास जरूर दिया है। जब हम किसी की जगह होना चाहते हैं, तब हम अनजाने में अपनी खूबियों, अपनी खास टैलेंट को नज़रअंदाज़ कर देते हैं। अमन को जब पता चला कि वह रमन की तरह प्रेजेंटेशन नहीं दे सकता, तो उसे अपनी क्रिएटिव चीज़ों का एहसास हुआ।
  3. ज़िम्मेदारियाँ बदल जाती हैं, खत्म नहीं होतीं: जब तक इंसान जीता है ज़िम्मेदारियाँ खत्म नहीं होतीं। ऐसा नहीं है कि किसी और की जगह होकर हमारी सारी समस्याएँ खत्म हो जाएँगी। वह बस बदल जाएँगी। अमन की छोटी-सी स्टूडियो की ज़िम्मेदारी के बदले, उसे रमन की बड़ी कंपनी की सारी ज़िम्मेदारी उठानी पड़ती।

तो फिर क्या करें? किसी और की जगह बनने की जगह, अपनी जगह कैसे बनाएँ?

दूसरों को देखकर यह सोच आना स्वाभाविक है, पर इसपर रोक लगाना भी ज़रूरी है। इस सोच को जीवन में आगे बढ़ने के लिए इस्तेमाल करें, अपने आप से नफरत करने के लिए नहीं।
अपनी खासियत की लिस्ट बनाइए – आज ही!
  1. विचार को “उपयोग” करें, “भावना” नहीं बनने दें: जब भी दिमाग में ऐसी सोच आये, कुछ पल के लिए रुकिए और इसको एक सवाल में बदलिए। “मैं क्यों उसकी तरह बनना चाहता हूँ?” “क्योंकि वह आत्मविश्वाशी है।” अच्छा, तो अब सवाल यह है कि “मैं अपना आत्मविश्वाश कैसे बढ़ा सकता हूँ?” अब आपके पास सवाल है, आपको अब इसका जवाब ढूंढना है उसके लिए किताबें पढ़ें, यूट्यूब से सीखें। अपना रोज़ थोड़ा टाइम अपने काम को मास्टर के स्तर तक लेकर जाने के लिए निकालिए।
  2. तुलना को जिज्ञासा में बदलिए: किसी से भी जलने की जगह, उनसे सीखने की कोशिश कीजिए। अगर कोई आपकी नज़र में कामयाब है, तो उनसे पूछिए, “आपने यह सफर कैसे तय किया? आपकी सबसे बड़ी चुनौती क्या थी?” आपको पता चलेगा कि उनका रास्ता भी आसान नहीं था, और शायद आप उनसे कुछ ऐसी चीज़ सीख पाएँ जो आपको आगे बढ़ा दे। बातचीत करना हमेशा से कमयाबी का रास्ता रहा है। लोगों से बात कीजिये और उनके अनुभवों से सीखने की कोशिश कीजिये।
  3. अपनी “खासियत” की खोज करें: भगवान ने हम सबको बहुत खास बनाया है। अपनी खासियत जानने के लिए, आप कागज़ उठाइए और दो कॉलम बनाइए। पहले कॉलम में लिखिए “मैं किस-किस चीज़ में अच्छा हूँ?” (भावनाओं को छोड़कर, जैसे कोई स्किल, कोई स्वभाव)। दूसरे कॉलम में लिखिए “मुझे क्या पसंद है?” जब आप यह लिस्ट बनाएँगे, तो आपको एहसास होगा कि आपके अंदर भी खास चीज़ें हैं जो आपको दुनिया से अलग करती हैं। अमन के पास क्रिएटिविटी थी, जो रमन के पास नहीं थी
  4. किसी और की जगह बनने की कोशिश न करके, अपनी बेहतर वर्जन बनने पर ध्यान दीजिए: यह बात समझना जरूरी है। कोई चीज़ किसी के लिए काम की, जरूरी नहीं वो आपके लिए भी वैसा ही काम करे। किसी और की नक़ल करना आसान है, पर अपनी पहचान बनाना मुश्किल। आपके जीवन का मकसद “रमन बनने का नहीं, बल्कि अमन को और अच्छा बनाना होना चाहिए।” वह अमन जो अपनी डिज़ाइन स्किल्स में और भी मास्टर हो, जो अपनी कम्युनिकेशन स्किल्स बेहतर करे, जो अपनी लाइफ को अपनी तरह जीना सीखे। आपका जीवन आपका है तो खुद को बेहतर बनाइये, लोगों से सीखिए और अपना जीवन बेहतर बनाइये।

निष्कर्ष: आपकी जगह ही सबसे खास है

दुनिया में आप जैसा कोई नहीं है। न आपसे पहले कोई था, न आपके बाद कोई होगा। आपका अनोखा अनुभव, आपकी सोच, आपकी क्षमताएँ, आपकी कमियाँ – यह सब मिलकर आपको आप बनाती हैं। किसी और की जगह होने की कल्पना करना एक तथ्य है, लेकिन अपनी जगह बन जाना एक कला है।
आप अनमोल हैं। बस इसे खोलना बाकी है।

अगर आप अपनी जगह किसी और को देते, तो दुनिया को आपकी कमी रह जाती। वह यूनिक कंट्रीब्यूशन जो आप कर सकते हैं, वह नहीं होता। तो अगली बार जब आपका मन करे कि काश आप किसी और की जगह होते, तो खुद से पूछिए: “क्यों? क्या कमी महसूस हो रही है? और मैं उस कमी को कैसे दूर कर सकता हूँ?”आपकी जगह आपके लिए ही बनी है। उसे खोजिए, उसे पहचानिए, और उसे दुनिया के सामने ऐसे पेश कीजिए जैसे कोई अनमोल तोहफा पेश किया जाता है। क्योंकि आप हैं एक अनमोल तोहफा। बस, आपको इसे खोलना है और इसकी चमक को दुनिया को दिखाना है।आपकी ज़िंदगी आपकी ही फिल्म है – किसी और की पिक्चर में हीरो बनने की कोशिश मत कीजिए। अपनी पिक्चर का डायरेक्टर, राइटर और लीड एक्टर आप खुद बनिए। पिक्चर पक्की हिट होगी।

Comments

Post a Comment

If you are trouble, let me know so we can discuss it.

Popular posts from this blog

"Why is comparison the greatest enemy of our happiness?"

The Boomerang of Negativity

The Ripple Effect of Spreading Happiness